उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा द्वारा आयोजित ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में भाग लिया और विशाल जनसभा को संबोधित किया।
अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक : मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस यात्रा में शामिल होना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण रहा है।
अटल जी के नेतृत्व में भारत ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने गठबंधन सरकार का सफल कार्यकाल पूरा कर यह सिद्ध किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो तो सभी दल मिलकर कार्य कर सकते हैं।प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी योजनाओं के माध्यम से भारत आत्मनिर्भर बनने की ओर सशक्त कदम बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा, अंतरिक्ष, अवसंरचना और आर्थिक क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़े, स्वास्थ्य और शिक्षा में ऐतिहासिक परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के 99 प्रतिशत गांव सड़क नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन के क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिले हैं।
सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण में ऐतिहासिक कार्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण हेतु ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन का महाकाल लोक, तथा बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
ऐतिहासिक फैसलों से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ को मिला सशक्त आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया है।
आंध्र प्रदेश के विकास कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहरों, नाइट विजन फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाइयों के माध्यम से राज्य विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।
अटल जी की प्रेरणा से बना उत्तराखंड, मोदी के मार्गदर्शन में अग्रणी राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है।
उन्होंने बताया कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना, धर्मांतरण विरोधी कानून तथा लैंड जिहाद के विरुद्ध सख्त कदम इसी विकास और सुशासन की दिशा में उठाए गए हैं।
