हरिद्वार कुंभ-2027 का लोगो, वेबसाइट और गीत लॉन्च, सीएम धामी बोले- दिव्य और भव्य होगा कुंभ का आयोजन

हरिद्वार। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाना और श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।

हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान

हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा के प्रति श्रद्धा और हरिद्वार की धार्मिक पहचान को प्रमुखता दी गई है। इसमें हरकी पैड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य छटा को दर्शाया गया है। इसके साथ ही शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी स्थान दिया गया है।

लोगो को तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ और मौलिक डिजाइनों पर चयन समिति ने विचार किया। इसके बाद हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया है।

वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारी

कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालु, पर्यटक और आमजन कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।

डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आयोजन की तैयारियों और उससे जुड़ी सूचनाओं को लोगों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को कुंभ की जानकारी उपलब्ध कराने और हरिद्वार की धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।

‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत बना कार्यक्रम का आकर्षण

कार्यक्रम में कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक गीत का भी लोकार्पण किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की खुशी, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को दर्शाता है।

इस गीत की रचना, संगीत और गायन हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के आध्यात्मिक महत्व और धार्मिक उल्लास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

कुंभ-2027 के भव्य आयोजन की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार कुंभ देश की आस्था और सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। राज्य सरकार का प्रयास है कि आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और कुंभ सुरक्षित, सुव्यवस्थित तथा सुगम तरीके से संपन्न हो।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कुंभ का आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत जारी होने के साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक पहचान और आयोजन से जुड़ी जानकारी को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।