हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राज्य के विकास को लेकर सरकार के विजन को साझा करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि “जहाँ प्रतिभा हो, वहीं अवसर उपलब्ध हों और जहाँ युवा हों, वहीं रोजगार के साधन विकसित किए जाएं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड का सर्वांगीण विकास केवल बड़े उद्योगों से ही संभव नहीं है, बल्कि गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद, शिल्पकार, किसान, छोटे व्यापारी और स्थानीय उद्यमी भी प्रदेश की विकास यात्रा के समान रूप से महत्वपूर्ण भागीदार हैं।
‘मेड इन उत्तराखण्ड’ को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” (ODTP) जैसी दूरदर्शी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक शिल्प को बड़े और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य है कि “मेड इन उत्तराखण्ड” केवल प्रदेश के उत्पादों की पहचान तक सीमित न रहे, बल्कि यह गुणवत्ता और अटूट विश्वास के साथ वैश्विक बाजार में एक मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित हो।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि हरिद्वार और उधमसिंह नगर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं।
“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”
व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।” उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। व्यापार एवं उद्योग जगत के सक्रिय सहयोग और सहभागिता से ही विकसित उत्तराखण्ड का संकल्प साकार होगा और उत्तराखण्ड ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वरिष्ठ जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, दायित्वधारी नवीन लाल वर्मा, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, शंकर कोरंगा, हुकुम सिंह कुंवर सहित व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि—कश्मीरी लाल गोयल, नीरज शारदा, राधेराम अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, दीपक माहेश्वरी, गौरव गोयल, श्रीमती जूही गोयल, नवीन अग्रवाल एवं राजाराम अग्रवाल उपस्थित रहे।
प्रशासनिक पक्ष से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित जीएसटी, उद्योग, सिडकुल एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने किया।
