हल्द्वानी। हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार (हल्द्वानी) में ₹43.50 करोड़ की लागत से बनने वाले उत्तराखण्ड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, मानसखण्ड खेल परिसर के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का भी विधिवत शुभारंभ किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों व उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार और हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ के लाभार्थियों को डीबीटी (DBT) के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति वितरित की।
देवभूमि और वीरभूमि अब बनेगी ‘खेलभूमि’: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर हल्द्वानी से उत्तराखण्ड के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने कहा, “अभी तक खेल शिक्षा और विशिष्ट प्रशिक्षण के लिए हमारे खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें अपनी देवभूमि में ही उच्च स्तरीय खेल शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण मिलेगा। हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करते हुए ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।”
उत्तराखण्ड खेल नीति-2026 और AI तकनीक का समावेश
मुख्यमंत्री ने राज्य में खेल क्रांति के लिए उठाए जा रहे प्रमुख कदमों की जानकारी दी:
-
मौली AI एप्लीकेशन (Mouli AI App): खिलाड़ियों के कौशल और फिटनेस का नियमित मूल्यांकन करने के लिए अत्याधुनिक ‘मौली एआई ऐप’ विकसित किया गया है।
-
उत्तराखण्ड खेल नीति-2026: भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नई खेल नीति का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, जिसे जल्द कैबिनेट से मंजूरी दी जाएगी।
-
23 हाईटेक अकादमियां व 1 जनपद-1 खेल: प्रदेश में 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित की जा रही हैं तथा ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के जरिए स्थानीय खेल पहचान को बढ़ावा दिया जा रहा है।
-
आउट ऑफ टर्न नौकरी: राज्य में अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है और 38वें राष्ट्रीय खेलों के विजेताओं को भी सेवायोजित करने की प्रक्रिया जारी है।
-
रोडमैप 2027 व 2036: वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों और ओलंपिक-2036 के लिए विशेष रोडमैप पर काम किया जा रहा है।
पुरस्कार विजेताओं की सूची:
वर्ष 2024 व 2025 के राज्य खेल पुरस्कार:
-
देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न: अंकिता (एथलेटिक्स – 2024) तथा अभिनव देशवाल (शूटिंग – 2025)।
-
द्रोणाचार्य पुरस्कार: लोकेश चौधरी (एथलेटिक्स – 2024) तथा मुकेश शर्मा (क्याकिंग एंड कैनोइंग – 2025)।
-
लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार: मुकेश चन्द्र बेलवाल (बॉक्सिंग – 2025)।
-
हिमालय रत्न पुरस्कार: शौर्य सैनी (शूटिंग – दिव्यांग श्रेणी), सक्षम प्रताप सिंह व ममता खाती (मॉडर्न पैंटाथलॉन – टीम श्रेणी), और खुशी चंद (बॉक्सिंग – एकल श्रेणी)।
नकद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी व कोच:
खिलाड़ियों में अंकिता (एथलेटिक्स), खुशी चंद (बॉक्सिंग), मनीषा चौहान (हॉकी), रफीक अहमद (वॉलीबॉल), भूमिका व राहुल सिंह (कबड्डी), चिराग बरेठा, मनोज सरकार व मनदीप कौर (बैडमिंटन), सक्षम प्रताप सिंह (मॉडर्न पैंटाथलॉन), शेफाली रावत (ब्लाइंड फुटबॉल), निलिमा राय (पैरा लॉन बॉल), तथा आर्यावंश त्यागी व भूमि (शूटिंग) को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया।
उत्कृष्ट प्रशिक्षकों में लोकेश कुमार (एथलेटिक्स), बिजेन्द्र मल्ल (बॉक्सिंग), अमित (शूटिंग), गिरीश कुमार (वॉलीबॉल) एवं नितिन कुमार (कबड्डी) को पुरस्कृत किया गया।
गरिमामामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक श्रीमती सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दरमवाल, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
