देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा किए गए कई दावे फैक्ट चेक में गलत साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब वास्तविक मुद्दों के बजाय भ्रम और झूठे नैरेटिव पर आधारित हो गई है।
शुद्धिकरण प्रकरण पर कांग्रेस को घेरा
शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के प्रयास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस विषय पर भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था और इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था। मुख्यमंत्री के अनुसार, आयोजन करने वाले भाई स्वयं अनुसूचित समाज से थे। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस द्वारा बनाए गए पूरे नैरेटिव की सच्चाई जनता के सामने आ गई है।
निवेश और रोजगार के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना
UIIDB से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था प्रदेश में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखण्ड में बढ़ रहा निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर भी कांग्रेस को रास नहीं आ रहे हैं।
13 हजार एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराने का दावा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में लगभग 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि को मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से भी कांग्रेस परेशान है।
बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने इसे पार्टी का दोहरा चरित्र बताया।
‘देवभूमि की जमीन कोई हरी घास नहीं…’
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तराखण्ड की जमीन और देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार पूरी दृढ़ता से काम करती रहेगी।
उन्होंने कहा, “देवभूमि की जमीन कोई हरी घास नहीं है कि कोई भी आए, चरकर चला जाए।”
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश की एक-एक इंच जमीन की रक्षा और देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
