उत्तराखण्ड समेत 19 राज्यों में 29 मई से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान, 15 सितंबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची

देहरादून | भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखण्ड सहित देश के 19 राज्यों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की घोषणा कर दी है। उत्तराखण्ड में यह प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देशन में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संपन्न की जाएगी। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे अभियान का शेड्यूल जारी किया।

SIR अभियान का विस्तृत कार्यक्रम (शेड्यूल)

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, उत्तराखण्ड में एसआईआर प्रक्रिया निम्नलिखित चरणों में पूरी होगी:

महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित तिथि
गणना प्रपत्र प्रिंटिंग एवं कर्मचारी प्रशिक्षण 29 मई से 7 जून 2026
बीएलओ (BLO) द्वारा घर-घर सर्वे 8 जून से 7 जुलाई 2026
ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन 14 जुलाई 2026
दावे एवं आपत्तियां दर्ज करना 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026
दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026

‘ASD’ सूची से होगा मतदाता सूची का शुद्धिकरण

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और सटीक बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट (Absent), शिफ्टेड (Shifted) और डेथ (Death) यानी ‘ASD’ सूची तैयार की जा रही है। इसके अतिरिक्त, अप्रैल माह से कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष फोकस करते हुए सघन डोर-टू-डोर मैपिंग अभियान चलाया जाएगा।


डिजिटल सुविधा: एक क्लिक पर BLO से करें संपर्क

मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” (Book a Call with BLO) फीचर लॉन्च किया है।

  • कैसे करें उपयोग: मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECI-NET मोबाइल ऐप के जरिए अपनी कॉल बुक कर सकते हैं।

  • प्रतिक्रिया समय: कॉल बुक करने के 48 घंटे (दो दिन) के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।


राजनैतिक दलों द्वारा 21 हजार से अधिक BLA नियुक्त

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा अब तक 21,808 बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की तैनाती की जा चुकी है। उन्होंने सभी दलों से शत-प्रतिशत बूथों पर बीएलए नियुक्त करने का आग्रह किया है ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और मीडिया नोडल रवि विजारनियां भी उपस्थित रहे।8 जून से शुरू होने वाले घर-घर सर्वे के दौरान बीएलओ गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। मतदाता अपनी पात्रता के अनुसार 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *