प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियां तेज, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन और युवाओं की भागीदारी पर जोर

देहरादून। उत्तराखण्ड में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित किया जाए, ताकि इसे एक विशिष्ट पहचान मिल सके। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

प्रवासियों के अनुभवों से विकास को मिलेगी दिशा

बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना और राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों तथा योगदान का लाभ लेना होना चाहिए। इसके लिए व्यापक स्तर पर संपर्क और समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप देने और तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन से चार दिन के भीतर अपडेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अतिथियों के आवागमन और ठहरने की होगी व्यवस्था

सम्मेलन में शामिल होने वाले अतिथियों के आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी दी जाएगी।

प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक पत्राचार करते हुए आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।