देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड महापरिषद, लखनऊ के प्रतिनिधि भरत सिंह बिष्ट ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को महापरिषद से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत, भाषा और रीति-रिवाजों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही, उत्तराखण्ड से बाहर रहने वाले प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने और नई पीढ़ी तक प्रदेश की समृद्ध परंपराओं को पहुंचाने में सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और आध्यात्मिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों द्वारा अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक एवं सामाजिक संगठन प्रदेश की विरासत को सहेजने और उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
