देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर दिए गए प्रस्तावों पर केंद्रीय रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि उत्तराखंड सरकार द्वारा भेजे गए सुझावों और प्रस्तावों पर रेल मंत्रालय गंभीरता से विचार कर रहा है। इसमें सबसे प्रमुख प्रस्ताव देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस का विस्तार मुंबई तक करने का है। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया है कि इन सभी प्रस्तावों का विस्तृत परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद उपयुक्त निर्णय लिया जाएगा।
पर्यटन और प्रवासियों को मिलेगा बड़ा लाभ
उत्तराखंड एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन राज्य है, जहां हर साल करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा राज्य के बड़ी संख्या में लोग देश के विभिन्न महानगरों—विशेषकर मुंबई और पश्चिमी भारत में निवास करते हैं। ऐसे में देहरादून से सीधे मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल सेवाओं के शुरू होने से न केवल आम यात्रियों को सहूलियत होगी, बल्कि राज्य के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार
रेल मंत्रालय से मिले सकारात्मक संदेश पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की इस पहल से राज्य की रेल संपर्क व्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी और प्रदेशवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगें जल्द पूरी होंगी।
