देहरादून:
उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर और गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए राज्य सरकार जल्द ही एक बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के मेधावी और जरूरतमंद युवाओं को घर बैठे देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।
इन परीक्षाओं के लिए मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों, शासकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी:
-
प्रशासनिक व रक्षा सेवाएं: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) और संयुक्त रक्षा सेवा (CDS)।
-
अन्य भर्ती परीक्षाएं: बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षाएं।
-
उच्च शिक्षा व पात्रता परीक्षाएं: प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश और पात्रता के लिए आयोजित होने वाली CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं।
दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को लाभ
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ विशेष रूप से प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। अक्सर आर्थिक तंगी या भौगोलिक दूरी के कारण जो युवा बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते थे, उन्हें अब घर बैठे ही विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा तिथि तय किए जाने के बाद इस योजना का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद पात्र विद्यार्थियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कोचिंग का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
