देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड सरकार प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन करने जा रही है। यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक पूरे एक महीने चलेगा। सचिवालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभियान के खाके और इसके अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य के सभी जिलों में 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित 11 प्रमुख कार्यक्रम:
-
आशीर्वाद का दिया: सरकारी योजनाओं के केंद्रों, राशन दुकानों, गैस वितरण केंद्रों, धार्मिक स्थलों, गंगा तटों, नए मेडिकल कॉलेजों, अमृत सरोवरों और जन औषधि केंद्रों पर दीप प्रज्वलन व सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
-
मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा: शैक्षणिक संस्थानों में ‘विकसित भारत’ की थीम पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। चयनित चित्रों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
-
नमो सेवा–अनकही कहानियां: देश की उपलब्धियों और विकास गाथा पर आधारित नाटकों का स्कूलों में मंचन किया जाएगा।
-
आंगन मिलन सेवा: आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों और आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण व कल्याण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
-
सेवा की कहानियां: राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भाषण, चित्रकला और कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
-
सेवा ज्योति कलश यात्रा: मुख्य चौराहों पर ‘विकसित भारत 2047’ से संबंधित कलश स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही जागरूकता के लिए साइकिल व बाइक रैलियों का आयोजन होगा।
-
सेवा : मेरा योगदान: इस पहल के तहत नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियानों, शिक्षण कार्यों और अन्य सामाजिक गतिविधियों से सीधे जोड़ा जाएगा।
-
सेवा सेतु अभियान: ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के साथ शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ देने के लिए स्वास्थ्य शिविर व बहुउद्देशीय शिविर आयोजित होंगे।
-
सेवा के रंग, राष्ट्र के संग: रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से 2047 के विकसित भारत के दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया जाएगा।
-
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज: सरकारी विभागों को जोड़कर वास्तविक जीवन की समस्याओं पर समाधान आधारित इनोवेशन मांगे जाएंगे।
-
सुशासन सेवा संवाद: जनप्रतिनिधियों के साथ सेवा और सुशासन के विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श व संवाद किया जाएगा।
हर जिले में प्रभारी मंत्री संभालेंगे कमान
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। इस अभियान को हर जिले में बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा और सभी जिलों के प्रभारी मंत्री स्वयं कार्यक्रमों में मौजूद रहकर इसकी कमान संभालेंगे। अभियान की सफलता और लाभार्थियों के अनुभवों को मीडिया के माध्यम से भी व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा तथा सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।
