देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित कर दी गई। अंतिम सूची में प्रदेश के कुल 71,58,949 मतदाताशामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस नोट में इसकी जानकारी दी गई है।
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। गणना प्रपत्रों के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 71,33,785 मतदाता शामिल थे।
दावे-आपत्तियों के बाद अंतिम सूची में बढ़े मतदाता
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। इसके बाद 13 अगस्त से 28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया, जबकि 1,04,708 अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए गए। अंतिम सूची में कुल 71,58,949 मतदाता हैं। प्रदेश में वर्तमान में 12,543 मतदेय स्थल हैं।
पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक
अंतिम मतदाता सूची में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 मतदाता सूची में दर्ज हैं। 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 1,22,892 है।
छूटे मतदाताओं के लिए फिर मिलेगा मौका
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी ऐसे लोग, जिनका नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो सका है, फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से और ऑफलाइन आवेदन संबंधित बीएलओ के जरिए किया जा सकता है।
निर्वाचन विभाग की ओर से विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। बीएलओ को घर-घर जाकर ऐसे पात्र लोगों की जानकारी लेने और आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग प्री-SIR सूची और वर्तमान मतदाता सूची की तुलना कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान भी करेगा।
ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता सूची
अंतिम मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग के Voters’ Service Portal और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट पर ऑनलाइन देखा जा सकता है। मतदाता सूची संबंधित DEO/ERO/AERO कार्यालयों और BLO से भी प्राप्त की जा सकती है।
इस विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की थी और ड्राफ्ट मतदाता सूची 14 जुलाई को प्रकाशित की गई थी।
