देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के कुशल यात्रा प्रबंधन के चलते इस वर्ष की चारधाम यात्रा सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा काल में अब तक 53 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (लगभग 46 लाख) की तुलना में बहुत अधिक है।
प्रमुख धामों में दर्शनार्थियों की स्थिति
-
श्री बदरीनाथ धाम: श्रद्धालुओं की संख्या 18.10 लाख के आंकड़े को पार कर पुराने रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।
-
श्री केदारनाथ धाम: अब तक 15.57 लाख यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
-
गंगोत्री धाम: इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड 8.41 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचे।
-
यमुनोत्री धाम: दर्शनार्थियों की संख्या 7.5 लाख के पार पहुँच गई है।
-
श्री हेमकुंट साहिब: यहाँ भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जहाँ संख्या 3.52 लाख के नए स्तर पर पहुँच चुकी है।
दूसरे चरण के लिए पुख्ता इंतजाम और अलर्ट जारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा और दूसरे चरण में भी भारी संख्या में तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुँच रहे हैं। यात्रा में अभी भी करीब डेढ़ महीने का समय शेष है, जिससे यह आंकड़ा और बढ़ने का अनुमान है।
सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए:
-
यात्रा से जुड़े मुख्य जनपदों—रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी—में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे ‘अलर्ट मोड’ पर रखा गया है।
-
राज्य व जिला स्तर के उच्च अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
-
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
