नमो क्रिकेट लीग में सीएम धामी ने खेला क्रिकेट, युवाओं को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ

पंचकुला। हरियाणा के पंचकुला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ स्वयं क्रिकेट खेला और मैदान पर उतरकर युवाओं का हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच क्रिकेट खेलते देख खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह नजर आया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग आनंद है। खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, निरंतर प्रयास और समर्पण के साथ लक्ष्य हासिल करने की सीख देता है।

नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने साथियों व आसपास के युवाओं को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर ले जाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी ही है तो वह खेल और फिटनेस की होनी चाहिए और यदि कोई जुनून पालना है तो अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का।

उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को नशे के बजाय खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ से बढ़ा खेलों का दायरा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि आज देश के गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं।

हरियाणा की खेल प्रतिभाओं की सराहना

मुख्यमंत्री ने हरियाणा को खेल प्रतिभाओं की धरती बताते हुए कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण होता है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लिया।