सीएम धामी ने पुरोला को दी ₹217 करोड़ की विकास सौगात, बर्नीगाड़ में राजकीय महाविद्यालय का शुभारंभ

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 योजनाओं का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

बर्नीगाड़ में स्थायी कॉलेज भवन का निर्माण जल्द

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग का निर्माण कराने की बात कही।

उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। वहीं, डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण के पहले से घोषित कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन निर्माण की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा।

जनसेवा शिविर में लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए तथा अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी उद्देश्य को पूरा करने की पहल है। इसके माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने बर्नीगाड़ में बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं, युवाओं और क्षेत्रवासियों के उत्साह एवं स्नेह के लिए आभार भी व्यक्त किया।

सड़क और पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में जिन विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, उनसे विकास कार्यों को गति मिलेगी। सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में सड़क संपर्क, पर्यटन, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में काम किया गया है।

3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में अब तक 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों के माध्यम से मातृशक्ति को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

चारधाम यात्रा, कानून व्यवस्था और युवाओं के रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। प्रदेश में सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। बर्नीगाड़ में घोषित योजनाओं और शुरू की गई सुविधाओं से क्षेत्र में शिक्षा, संपर्क मार्गों और स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।