रोजगार की नई सुबह: उत्तराखंड में साढ़े चार साल में 33 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन (मुख्यमंत्री आवास) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार का बड़ा उपहार दिया। उन्होंने उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से विभिन्न विभागों में चयनित 221 अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर सभी सफल युवाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्वर्णिम क्षण इन युवाओं के वर्षों के कठिन परिश्रम, त्याग और संघर्ष की सफलता का प्रतीक है।

साढ़े चार साल में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के रोजगार संबंधी आंकड़ों को साझा किया। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों की अवधि में सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया है। सीएम धामी ने कहा कि युवाओं के चेहरों की मुस्कान ही इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं को राज्य के वर्तमान और भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी बताया।

नकल माफियाओं का खात्मा और रिकॉर्ड समय में पारदर्शी भर्तियां

एक पुराने दौर का स्मरण कराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके माता-पिता के त्याग के साथ सरेआम अन्याय होता था, लेकिन आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। पहले जहां युवाओं को केवल हताशा और निराशा हाथ लगती थी, वहीं आज रिकॉर्ड समय में पारदर्शी तरीके से भर्तियां पूरी हो रही हैं। सरकार ने नकल माफियाओं की कमर तोड़ते हुए देश का सबसे कठोर ‘नकल विरोधी कानून’ लागू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा और आने वाले समय में भी इसी रफ्तार, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ खाली पदों को तुरंत भरने का काम जारी रहेगा।

किस विभाग में किसको मिली नियुक्ति?

कैबिनेट मंत्रियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन 221 पदों पर पारदर्शी और बिना किसी सिफारिश के योग्य युवाओं का चयन हुआ है:

  • कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग: प्रशिक्षण प्रखण्ड के अन्तर्गत चयनित 173 अनुदेशकों और 04 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए.

  • पशुपालन विभाग: इस विभाग के अंतर्गत चयनित 09 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति सौंपी गई.

  • शहरी विकास विभाग: विभाग में चयनित 35 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। (उल्लेखनीय है कि इस विभाग में बीते 2 वर्षों में कुल 215 लोगों को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं)।

‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ को बनाएं अपना ध्येय

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को सलाह दी कि वे केवल एक सरकारी कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि वे उत्तराखंड के विकास के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। उन्होंने सभी से “सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि” के चार मूल मंत्रों को अपना ध्येय मानकर हर गरीब और जरूरतमंद नागरिक की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि आज ही के दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्रित्व काल के 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने सभी से ‘विकसित भारत-2047’ के महान संकल्प और अमृतकाल के इस महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस गरिमामयी समारोह में कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा, श्री राम सिंह कैड़ा, श्री गणेश जोशी, विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, विधायक श्रीमती सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अणथ्वाल सहित सचिव श्री नितेश झा और अपर सचिव सी. रविशंकर जैसे उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *