गाजियाबाद, 31 मई। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने शनिवार देर रात एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। खोड़ा थाना और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश असद पुलिस की जवाबी फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
28 मई को चाकू मारकर की गई थी सूर्या की हत्या
पुलिस उपायुक्त (नगर/ट्रांस हिंडन) धवल जायसवाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 28 मई को खोड़ा क्षेत्र में असद और उसके साथियों ने सूर्या प्रताप चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया था। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। इस नृशंस हत्याकांड के बाद पूरे खोड़ा क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था। स्थानीय निवासियों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन भी किया था।
फरार चल रहे मुख्य आरोपी पर था 50 हजार का इनाम
इस हत्याकांड के संबंध में पुलिस ने पांच आरोपियों को नामजद किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के तुरंत बाद ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी असद लगातार फरार चल रहा था। असद की गिरफ्तारी के लिए गाजियाबाद पुलिस द्वारा कई टीमों का गठन किया गया था और उसकी भनक देने या पकड़वाने वाले पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में था बदमाश, ऐसे हुई मुठभेड़
डीसीपी धवल जायसवाल के अनुसार, शनिवार रात पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ करीबियों से पैसे का इंतजाम कर क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस टीमों ने तत्काल हरकत में आते हुए संभावित रास्तों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी चेकिंग के दौरान असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की गोली लगने से मुख्य आरोपी असद गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर असद का साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कॉम्बिंग और तलाशी अभियान चला रही हैं।
