देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को एक विशेष पत्र प्रेषित कर उनके सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के सर्वाधिक अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर देवभूमि उत्तराखण्ड की सवा करोड़ जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ऊर्जावान नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक निर्णयों से बदला देश का परिदृश्य
मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जन-केंद्रित योजनाओं ने देश के करोड़ों वंचित नागरिकों के जीवन में गुणात्मक और सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है। इसके साथ ही, आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, जीएसटी (GST) व्यवस्था तथा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे बड़े आर्थिक और रणनीतिक निर्णयों ने भारत को एक नई और आत्मनिर्भर दिशा प्रदान की है। उन्होंने वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान भारत द्वारा चलाए गए दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान तथा ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को वैश्विक मंच पर भारत के सशक्त नेतृत्व का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय सुरक्षा को मिला नया आयाम
सैनिक बाहुल्य राज्य उत्तराखंड की भावना को रेखांकित करते हुए सीएम धामी ने राष्ट्र की सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों की संप्रभुता और देश के सैनिकों के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण और देश की अमूल्य धरोहरों के संरक्षण में वर्तमान सरकार का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप, महाकाल लोक का विकास तथा श्री केदारनाथ धाम के व्यापक पुनर्निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्यों को उन्होंने राष्ट्र के सांस्कृतिक गौरव और अस्मिता का जीवंत प्रतीक बताया।
उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह: इंफ्रास्ट्रक्चर और ‘मेगा प्रोजेक्ट्स’ को मिली अभूतपूर्व गति
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास के प्रति प्रधानमंत्री के निरंतर विशेष स्नेह एवं प्रशासनिक सहयोग के लिए व्यक्तिगत रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने पत्र में लिखा कि पीएम के दिव्य मार्गदर्शन के कारण ही आज श्री केदारनाथ एवं श्री बदरीनाथ धाम पुनर्विकास (मास्टर प्लान), चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, अत्याधुनिक रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन तथा राज्य के सामरिक सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास की विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं को एक नई गति और नई उड़ान मिली है।
बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं से सुनिश्चित होगी पेयजल और सिंचाई सुरक्षा
राज्य की जल और ऊर्जा सुरक्षा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने लखवाड़, सौंग, व्यासी एवं जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं को केंद्र से मिली गति का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तराखंड में पेयजल एवं कृषि सिंचाई संबंधी दशकों पुरानी आवश्यकताओं की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे राज्य के लाखों लोगों को सीधा आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने अंत में पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के इसी दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व के साए में भारत वर्ष 2047 तक ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के महान संकल्प को अवश्य सिद्ध करेगा और विश्व पटल पर एक अग्रणी विश्वगुरु के रूप में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।
