सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती, निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ के चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही, पिथौरागढ़ और आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में भी मेडिकल कॉलेज की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं का लाभ लोगों को जल्द से जल्द मिल सके।
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का संचालन सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर कुशल चिकित्सा मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल और विधायक फकीर राम टम्टा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
