दलेर मेहंदी विवाद पर CM धामी ने मीका सिंह से की फोन पर बातचीत, बोले— संवाद से दूर होंगी गलतफहमियां

देहरादून। दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विवाद के संबंध में चर्चा करते हुए आपसी संवाद और सौहार्द के माध्यम से गलतफहमियों को दूर करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी प्रकार के मतभेद या गलतफहमी का समाधान बातचीत और आपसी समझ से निकाला जाना चाहिए। उन्होंने सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के लिए जाना जाता है। देवभूमि उत्तराखंड में देश-दुनिया के सभी कलाकारों का हृदय से स्वागत और सम्मान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कला, संस्कृति और कलाकारों के सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड में कलाकारों का स्वागत और सम्मान राज्य की परंपरा का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री की मीका सिंह से हुई इस बातचीत के जरिए विवाद को संवाद और आपसी सौहार्द के माध्यम से सुलझाने का संदेश दिया गया।