दीक्षा से फोन पर मुख्यमंत्री ने ली मामले की जानकारी, एसएसपी को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो प्रकरण का संज्ञान लेते हुए पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जानकारी लेते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित एसएसपी को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
कथित ऑडियो में अभद्र भाषा और धमकी देने के आरोप
मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वायरल ऑडियो से जुड़ा है। इसमें चमन सिंह पर बालक राम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने तथा धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से सीधे संवाद किया और उन्हें सुरक्षा एवं न्याय का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्षता से जांच करने और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद अब मामले में पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी। वायरल ऑडियो से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
