मुकेरियां, पंजाब। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को होशियारपुर ग्रामीण के मुकेरियां में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत आयोजित विशाल रैली को संबोधित किया। रैली से पहले मुख्यमंत्री ट्रैक्टर पर सवार होकर रोड शो में भी शामिल हुए, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
भाजपा की यह यात्रा 18 से 30 सितंबर तक पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
नशे को बताया पंजाब की बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंजाब की जनता ने जिस भरोसे के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, उसके साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है और इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं और उनके परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को नुकसान पहुंचाता है। माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वर्षों मेहनत करते हैं, लेकिन युवा के नशे की गिरफ्त में आने पर परिवार भी प्रभावित होता है।
युवाओं से शिक्षा और खेल पर ध्यान देने की अपील
धामी ने पंजाब के युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई, तस्करों और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियानों को गति देने की बात पार्टी कर रही है।
‘नशा मुक्त पंजाब’ को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब’ केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जन-आंदोलन बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, विधायक जंगी लाल महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव मिन्हास समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
