होशियारपुर/मुकेरियां। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंजाब के होशियारपुर ग्रामीण और मुकेरियां (दसूहा) क्षेत्र में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में भाजपा की पहल है। पंजाब की पहचान वीरता, परिश्रम और देशभक्ति से रही है और यहां के युवाओं को नशे से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
AAP सरकार पर साधा निशाना
धामी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले ‘आप’ ने पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने को लेकर कई वादे किए थे, लेकिन सरकार उन वादों को अपेक्षाओं के अनुरूप पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या आज भी पंजाब के सामने गंभीर चुनौती बनी हुई है।
केंद्र के प्रयासों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता को प्राथमिकता दे रही है। वहीं, भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों को नशे के खिलाफ एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह पंजाब की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। इसके लिए सरकार, समाज, परिवार और युवाओं को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने पंजाब की जनता और विशेष रूप से युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, विधायक जंगी लाल महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव मिन्हास सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
