धामी कैबिनेट का बड़ा फैसला: MBBS इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़कर हुआ ₹25,000, युवाओं और खिलाड़ियों के लिए भी कई बड़े ऐलान

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास, रोजगार, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई है। सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों के MBBS इंटर्न्स को बड़ी राहत देते हुए उनके स्टाइपेंड में भारी बढ़ोतरी की है, वहीं शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।

MBBS इंटर्न्स का स्टाइपेंड ₹17,000 से बढ़कर हुआ ₹25,000

कैबिनेट ने प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे MBBS इंटर्न्स के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब MBBS इंटर्न्स का मासिक स्टाइपेंड ₹17,000 से बढ़ाकर न्यूनतम ₹25,000 प्रति माह कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी से राज्य के युवा डॉक्टरों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

कैबिनेट बैठक के अन्य प्रमुख फैसले:

  1. माध्यमिक शिक्षा में नए पदों का सृजन:
    माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत अपर सहायक अध्यापक व्यायाम (ग्रेड वेतन-4200) के 33 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है।
  2. खेल नीति 2021 के तहत नौकरियां:
    खेल नीति, 2021 के अंतर्गत ‘आउट ऑफ टर्न’ सेवायोजन हेतु विभिन्न सरकारी विभागों में 243 पदों पर नियुक्ति को अनुमोदन प्रदान किया गया है।
  3. हरिद्वार में ESI अस्पताल के लिए भूमि आवंटन:
    कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) चिकित्सालय हरिद्वार के समीप चिन्हित 15 एकड़ भूमि ESI के निर्माण हेतु आवंटित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
  4. शासकीय अधिवक्ताओं की फीस में वृद्धि:
    सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट एवं अधीनस्थ न्यायालयों में आबद्ध शासकीय अधिवक्ताओं (Government Advocates) की फीस में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
  5. उत्तराखंड कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा नियमावली:
    उत्तराखंड कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग समूह ‘क’ एवं ‘ख’ सेवा नियमावली: 2026 संशोधन प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
  6. विधिक माप विज्ञान नियमावली:
    उत्तराखंड विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) (संशोधन) नियमावली: 2026 के प्रख्यापन को हरी झंडी दिखाई गई है।