मथुरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।
गौ संरक्षण का ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों से सीधा संबंध
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से संपूर्ण मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति इस विचार को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। हमारी प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें, आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की नई संभावनाएं विकसित हों।
पशु चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में खुलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में जिन प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। ये संस्थान आने वाले समय में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मजबूती प्रदान करेंगे। परंपरागत ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समन्वय गौ सेवा के क्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकता है।
हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण ठोस प्रयासों से संभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। नदियों का संरक्षण, गोवंश का संवर्धन और अनुसंधान को नई दिशा देना हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को अपना योगदान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कई प्रमुख संत और केंद्रीय मंत्री रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
