देहरादून: देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने उत्तराखण्ड दौरे के दूसरे दिन आज देहरादून स्थित राज्य अतिथि गृह ‘बीजापुर’ में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने राज्य में आगामी ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR – Special Intensive Revision) कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाना है।
मतदाता सूची का शुद्धिकरण है मुख्य लक्ष्य
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है। इसके तहत “एब्सेंट (अनुपस्थित), शिफ्टेड (स्थान परिवर्तित), डेथ (मृतक), डूप्लीकेट (दोहरी प्रविष्टि वाले) और विदेशी मतदाताओं“ को विशेष रूप से चिन्हित कर उनके नाम सूची से हटाए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी SIR अभियान के दौरान अपना नवीनतम पासपोर्ट फोटो उपलब्ध कराएं और क्षेत्र में आने वाले बीएलओ (BLO) का पूरा सहयोग करें।
उत्तराखण्ड में Pre-SIR फेज में 89% मैपिंग पूरी
समीक्षा बैठक के दौरान उत्तराखण्ड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण (Presentation) दिया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया कि प्रदेश में Pre-SIR फेज के तहत अब तक 89 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही राज्य में गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) की प्रिंटिंग की तैयारी भी पूरी हो चुकी है।
फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण और राजनीतिक दलों के साथ समन्वय
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), डिप्टी DEO और ERO/AERO के प्रथम चरण का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है, जबकि बीएलओ (BLO) और अन्य फील्ड स्टाफ की ट्रेनिंग वर्तमान में गतिमान है। इसके अलावा, मतदाता सूची को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक सप्ताह स्थानीय राजनीतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित करें। प्रदेश में इस विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उत्तराखण्ड प्रशासन और निर्वाचन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, एडीजी डॉ. वी मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश दुम्का शामिल थे। इनके अलावा देहरादून के जिलाधिकारी (DM) श्री सविन बंसल, नवनियुक्त डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी श्री प्रमेंद्र डोभाल, सीडीओ श्री अभिनव शाह, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और सिटी मजिस्ट्रेट श्री प्रत्यूष सिंह भी इस दौरान उपस्थित रहे।
