अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को आयोजित एक अहम बैठक में मंदिर प्रबंधन और संगठनात्मक ढांचे को लेकर कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। ट्रस्ट ने जहां तीन नए सदस्यों को शामिल करते हुए अपने दायरा का विस्तार किया है, वहीं राम मंदिर के सुचारू संचालन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती देने के लिए रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है।
दोपहर लगभग 2:35 बजे शुरू हुई ट्रस्ट की इस बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक की कार्यवाही को अनुमोदित किया गया। इसके बाद ट्रस्ट के नए सदस्यों और प्रमुख पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
गोविंद देवगिरी बने महासचिव, महेश भागचंदका नए कोषाध्यक्ष
बैठक में ट्रस्ट के प्रशासनिक और वित्तीय संचालन में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिला:
-
महेश भागचंदका (दिल्ली): इन्हें राम मंदिर ट्रस्ट का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
-
स्वामी गोविंद देवगिरी जी महाराज: पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी को अब ट्रस्ट का नया महासचिव नियुक्त किया गया है।
-
अन्य नए सदस्य: अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को ट्रस्टी के रूप में शामिल किया गया है।
तीन नए सदस्यों के शामिल होने से ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और भविष्य की दीर्घकालिक योजनाओं में इनकी अहम भूमिका रहेगी।
क्यों पड़ी पहले CEO की जरूरत?
राम मंदिर का भव्य निर्माण अब अपने प्रमुख चरण से आगे बढ़कर नियमित संचालन, दैनिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। रोजाना देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसर के विस्तार, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज को अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए एक पूर्णकालिक प्रशासनिक प्रमुख की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
कौन हैं रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा?
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल (देवरिया) के रहने वाले जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना (IAF) में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण और उच्च पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
-
विस्तृत अनुभव: एयरफोर्स में बड़े संगठनों के संचालन, अनुशासन और रणनीतिक प्रबंधन का उनका लंबा अनुभव रहा है।
-
बड़ी जिम्मेदारी: गहन मंथन के बाद ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई।
-
भूमिका: एयर मार्शल (रि.) जितेंद्र मिश्रा राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और संचालन संबंधी कार्यों की सीधी कमान संभालेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और रोजमर्रा के प्रबंधन में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।
निर्माण से अब प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस
राम मंदिर केवल अयोध्या ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर करोड़ों राम भक्तों की आस्था का केंद्र बन चुका है। मंदिर निर्माण के साथ-साथ अब ट्रस्ट का पूरा ध्यान बेहतर दीर्घकालिक प्रबंधन (Long-term Management) पर केंद्रित है।
ट्रस्ट में नए सदस्यों को जोड़ने और सैन्य पृष्ठभूमि के एक अनुभवी अधिकारी को CEO बनाने के इस कदम को राम मंदिर के प्रशासनिक इतिहास में एक क्रांतिकारी और दूरदर्शी फैसला माना जा रहा है। आने वाले समय में ट्रस्ट श्रद्धालुओं की सुविधाओं, दर्शन मार्ग और परिसर के विकास को लेकर कई और महत्वपूर्ण फैसले ले सकता है।
