खटीमा, 3 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि और विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मां-बेटे के पवित्र रिश्ते जैसा अटूट संबंध है। जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है।
खटीमा से नेपाल तक आने-जाने वालों को मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस मार्ग का लाभ बंडिया, चकरपुर, टनकपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़, धारचूला और चम्पावत की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ नेपाल से जुड़े आवागमन को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।
शिक्षा, सड़क, धार्मिक स्थलों और किसानों से जुड़े कार्यों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने खटीमा में अब तक पूरे हुए और निर्माणाधीन विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। डिग्री कॉलेज में नए कक्षों और ब्लॉकों का निर्माण कराया गया है। आईटीआई तथा बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतापपुर से नानकमत्ता और टनकपुर से खटीमा तक सड़क चौड़ीकरण के कार्यों के साथ खेतलसंड़ा पुल, बस अड्डे और अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को भी आगे बढ़ाया गया है।
किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शुगर फैक्ट्री का सुचारू संचालन, समय पर गन्ने की पिराई और किसानों को गन्ने का भुगतान सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया गया है। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और भारमल बाबा मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए गए हैं।
ड्रेनेज व्यवस्था के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इसका उद्देश्य शहर में जलभराव की समस्या का समाधान करना और ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
उन्होंने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाना उनका पुराना संकल्प रहा है। सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेंगे।
पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री, स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल चलकर राणा मार्केट स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया और फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री मोहनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, वीसी जय किशन, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
