खटीमा के नगला तराई की रामलीला में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारें

राम के जीवन चरित्र से मिलती है धर्म, नैतिकता और एकजुटता की प्रेरणा; देवभूमि की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में प्रतिभाग कर भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी को धर्म, नैतिकता, कर्तव्य और एकजुटता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, न्याय और आदर्श शासन व्यवस्था का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं।

देवभूमि की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के साथ केदारखंड और मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेश धारण कर गतिविधियां संचालित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए ऐतिहासिक पहल

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में अनेक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने तथा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा देने जैसे कार्यों से आम नागरिकों के जीवन में बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके सम्मान और कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के प्रति सरकार का संकल्प स्पष्ट है। पूर्व सैनिकों के हित में वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू करना भी एक महत्वपूर्ण कदम रहा है।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

रामलीला कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया।