धराली आपदा में दुपट्टे से बांधी थी राखी, अहमदाबाद की धनगौरी ने सीएम धामी को भेजा भावुक पत्र

देहरादून:
रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर रिश्तों की गहराई और आत्मीयता की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली धनगौरी बरोलिया ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षासूत्र (राखी) के साथ एक बेहद भावुक पत्र भेजा है। इस पत्र में उन्होंने पिछले वर्ष उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण आपदा के दौरान मुख्यमंत्री से हुई अपनी पहली मुलाकात के उन पलों को याद किया है, जब उन्होंने अपने दुपट्टे का टुकड़ा फाड़कर सीएम धामी की कलाई पर बांधा था।

जब आपदा के बीच बना भाई-बहन का रिश्ता

घटना पिछले साल रक्षाबंधन के आसपास की है। धनगौरी बरोलिया उत्तराखंड की यात्रा पर आई थीं, लेकिन धराली में आई अचानक बाढ़ और आपदा के कारण वहीं फंस गईं। उस संकट की घड़ी में जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद आपदा प्रभावित क्षेत्र का मुआयना करने और प्रभावितों का हाल-चाल जानने पहुंचे, तब धनगौरी की मुलाकात मुख्यमंत्री से हुई।
धनगौरी के अनुसार, बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने सहज भाव से कहा था कि अगर उनके पास राखी हो, तो वह उन्हें बांध सकती हैं। उस कठिन परिस्थिति में धनगौरी के पास कोई राखी नहीं थी। उन्होंने बिना देर किए अपने दुपट्टे का एक टुकड़ा फाड़कर उसे ही रक्षासूत्र मानकर मुख्यमंत्री की कलाई पर बांध दिया।

द्रौपदी और श्रीकृष्ण के प्रसंग का किया जिक्र

अपने पत्र में इस संस्मरण को साझा करते हुए धनगौरी ने लिखा कि उसी क्षण उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को अपना धर्म-भाई स्वीकार कर लिया था। उन्होंने महाभारत के उस पौराणिक प्रसंग को याद किया जहाँ द्रौपदी ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़कर भगवान श्रीकृष्ण की उंगली पर बांधा था और श्रीकृष्ण ने जीवनभर उनकी रक्षा का वचन निभाया था।
धनगौरी ने लिखा, “धराली की उस भयावह आपदा के समय मुख्यमंत्री धामी ने न सिर्फ हमारा हौसला बढ़ाया, बल्कि एक बड़े भाई की तरह संबल और सुरक्षा का भरोसा दिया। वह मुलाकात मेरे जीवन का सबसे खास पल है, जिसे मैं कभी नहीं भूल सकती।”

अहमदाबाद से भेजी राखी, मांगी दीर्घायु की कामना

धनगौरी ने कहा कि इस बार वह अहमदाबाद में हैं और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकतीं, लेकिन अपने धर्म-भाई को रक्षासूत्र भेजना कैसे भूल सकती हैं। इसी आत्मीय भाव के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के लिए राखी और शुभकामनाएं भेजी हैं।
पत्र के अंत में उन्होंने ईश्वर से मुख्यमंत्री धामी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और समृद्धि की प्रार्थना करते हुए उम्मीद जताई कि वे इसी निष्ठा और समर्पण के साथ उत्तराखंड और देवभूमि की जनता की सेवा करते रहेंगे।
धराली के आपदाग्रस्त क्षेत्र में दुपट्टे के एक छोटे से टुकड़े से शुरू हुआ यह पावन रिश्ता आज भी उतनी ही आत्मीयता और विश्वास के साथ कायम है।