हरिद्वार: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि के साथ-साथ लोक-कल्याण की मंगल कामना की।
शांतिकुंज पहुँचने पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रज्ञेश्वर महाकाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने मंदिर में देश की प्रगति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
आध्यात्मिक कार्यक्रमों के उपरांत, मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्र के वीर शहीदों के सम्मान में निर्मित ‘शौर्य दीवार’ (Wall of Valour) पर जाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों का बलिदान हमें सदैव देश सेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने देवसंस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे शिक्षा और संस्कार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिक चेतना और आधुनिक शिक्षा का यह संगम युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस अवसर पर शांतिकुंज परिवार के कई सदस्य और विश्वविद्यालय के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
