लखनऊ। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े लंबित मामलों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों, परिसंपत्तियों के हस्तांतरण और पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का विषय प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संरचनाओं की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिहाज से जरूरी है। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों और किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
लंबित परिसंपत्ति मामलों के समयबद्ध समाधान पर जोर
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमतियों के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सकारात्मक संवाद, आपसी सहयोग और निरंतर समन्वय के माध्यम से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान किया गया है। पूर्व में बनी सहमति के आधार पर अनेक प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष मामलों का भी दोनों राज्यों की सहमति और सहयोग से शीघ्र निस्तारण होगा।
योगी सरकार के सहयोग के लिए जताया आभार
मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने और लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी रहेंगे।
दोनों मुख्यमंत्रियों की यह मुलाकात उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबित प्रशासनिक एवं परिसंपत्ति संबंधी मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण रही। खास तौर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलों, बैराज और नहरों की मरम्मत जैसे विषयों पर चर्चा से स्थानीय नागरिकों और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जुड़ी है।
