दिसंबर में जारी होगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त, चमोली में तीन प्रमुख मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा
पीपलकोटी (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग कर प्रदेश की महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
सिलबट्टे पर पीसा पहाड़ी नमक, जांदरा और मथानी से किया पारंपरिक कार्य
मातृशक्ति सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री धामी पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से भी रूबरू हुए। उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। मुख्यमंत्री की इस सहभागिता ने पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवन के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने चमोली की धरती से प्रारंभ हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो ऐतिहासिक योगदान दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। उत्तराखंड की महिलाओं ने हमेशा अपने साहस, संघर्ष और सामर्थ्य से समाज को नई दिशा दी है।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
नंदा गौरा योजना में बेटियों को मिल रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक प्रत्येक स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा बैणी-भुली योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार, खेल, शिक्षा और लोकसंस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मौन पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया।
कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मान मिला। खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।
चमोली को ₹149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की।
इनमें हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीपलकोटी में आयोजित यह मातृशक्ति सम्मेलन महिला सशक्तिकरण, पहाड़ी लोकसंस्कृति के संरक्षण और चमोली के विकास को नई गति देने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
