प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा, उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज एम्स ऋषिकेश पहुंचकर टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर एवं समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपचार में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक घायल को आवश्यक चिकित्सा सुविधा समय पर सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गूलर घाटी में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। राज्य सरकार इस हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी न रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।
